दोहरीघाट। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर मां सरयू के तट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने मां सरयू की विधि पूवर्क पूजा-अर्चना की और दीपदान किया।
श्रद्धालुओं ने गोमाता और ब्राह्मणों की पूजा कर मन्नत मांगी। सरयू किनारे जरूरतमंदों को धन और अन्य वस्तुओं का दान दिया। हनुमान घाट स्थित हनुमान मंदिर और पंचमुखी शिव मंदिर में दर्शन कर लोगों ने पूजा-अर्चना की।
अंतरराष्ट्रीय मातेश्वरी महाधाम में आदिशक्ति मां जगदंबा के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने नारियल, फूल और अगरबत्ती अर्पित की। जानकी घाट के दुर्गा मंदिर में घी का दीपक जलाया गया, वहीं प्राचीन शिव मंदिर में राम-जानकी की पूजा और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मुक्तिधाम पर श्रद्धालुओं ने महाकाल और द्वादश ज्योतिर्लिंगों का दर्शन पूजन-अर्चन किया। भारत माता मंदिर में शीश झुकाने के साथ मुक्तिधाम पर्यटन स्थल पर श्रद्धालुओं ने धूप का आनंद लिया।