बीज विज्ञान संस्थान कुशमौर में अकबरपुर अंबेडकर नगर से आए विज्ञान के छात्रों को प्रयोगशाला में ज?
- फोटो : MAU
बढुआगोदाम। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 100वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को भारतीय बीज विज्ञान संस्थान कुशमौर में कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. संजय कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में संत द्वारिका प्रसाद पीजी कालेज अकबरपुर अंबेडकरनगर के 35 विज्ञान के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। बीज विज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक कुलदीप ने छात्रों को कृषि के क्षेत्र में रोजगार के उभरते अवसरों की जानकारी दी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उपलब्धियों के बारे में बताया। साथ ही यंग प्रोफेशनल परमानंद साहनी ने विद्यार्थियों को बीज विज्ञान संस्थान के प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला का भ्रमण कराया और बीज परीक्षण विधियों की जानकारी भी दिया। तकनीशियन निशा ने संस्थान के बीज स्वास्थ्य इकाई में विद्यार्थियों को फसलों के लिए हानिकारक और उपयोगी कीटों, जीवाणुओं सहित कवकों के बारे में जानकारी दी। संस्थान की वैज्ञानिक सुष्मिता और कुलदीप ने शुक्रवार को संस्थान द्वारा चलाई जा रही कृषि संपर्क योजना ‘मेरा गांव मेरा गौरव’ के तहत पिपरीडीह गांव का दौरा किया। गांव के किसानों से मिलकर उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी। किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए वैज्ञानिकों ने किसानों को जैविक खेती के लिए भी जागरूक किया।