मधुबन। तहसील क्षेत्र के आरवीपी अहिरूपुर में आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले में लखनऊ ने आजमगढ़ को सुपर ओवर में हरा दिया। विजेता टीम को एचएफ डीलक्स बाइक और उपविजेता टीम को 30 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के तीसरे दिन तीन मैच खेले गए। पहला मैच लखनऊ और आजमगढ़ के बीच हुआ। जिसमें लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला आजमगढ़ और गोरखपुर के बीच हुआ, जिसमें आजमगढ़ ने 16 रन से जीत हासिल की। इसके बाद हुए तीसरे मुकाबले में आजमगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 61 रन बनाया। जवाब में लखनऊ ने भी 61 रन बनाकर मैच को रोमांचक बना दिया। नतीजा न निकलने पर मुकाबला सुपर ओवर में गया, जिसमें लखनऊ की टीम ने बाजी मार ली। इस दौरान आयोजक प्रमोद यादव, विभू पंडित, ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव, निरंजन यादव आदि मौजूद रहे। वहीं निर्णायक मंडल में राहुल भानु, सुनील जोशीला थे।