- रामपुर के पदारथपुर गांव का मामला, पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव निवासी किसान रामध्यान (70) रविवार को फसल की सिंचाई के दौरान गिरे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर झुलस गए। किसी तरह उन्हें खेत से बाहर निकालकर सीएचसी पर लाया गया, जहां जांच के दौरान चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
किसान करीब 2 बजे खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत से गुजर रहे एलटी तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में रामध्यान करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सीएचसी फतेहपुर मंडाव ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने रामध्यान को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों को गहरा सदमा पहुंचा और पूरे गांव में शोक छा गया। सूचना मिलते ही रामपुर थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक रामध्यान के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जर्जर तारों को जल्द बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।