मधुबन। गाजीपुर जिले में एक जमीन का रजिस्ट्री कराकर लौट रहे बाइक सवार दंपती से बाइक सवार बदमाश दो लाख रुपये तथा महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। घटना मधुबन थाना क्षेत्र के खैरानासिर गांव के पास बीते मंगलवार की देर शाम की है। पुलिस तहरीर पर तीन बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। मधुबन थाना क्षेत्र के भटौली निवासी परमहंस ने बताया कि वह गाजीपुर जिले के कासिमाबाद में एक जमीन रजिस्ट्री कराने के बाद रात 10 बजे पत्नी सुनिता तथा रिश्तेदार उदयभान के साथ घर लौट रहे थे। खैरानासिर के पास जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारी। जिससे वह सड़क किनारे पलट गई और वह तीनों गिर पड़े। इस बीच बदमाशों ने सुनीता के गले से मंगल सूत्र, बैग तथा मोबाइल के साथ दो लाख से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। डरे सहमे दंपती ने थाना जाकर घटना की जानकारी दी। सीओ मधुबन अभय सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।