घोसी लोकसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी डॉ. अरविंद राजभर के चुनाव प्रचार और रतनपुरा विकास खंड क्षेत्र के मेवड़ी गांव में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का जिले में प्रवास था।
रजनीकांत पांडेय ने उनसे बात की, पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश।
सवालः घोसी विधानसभा उपचुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में इस बार भी इंडी गठबंधन का प्रत्याशी है। हालांकि बसपा इस बार अलग है। इसको लेकर आपका क्या नजरिया है।
जवाबः भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब कल्याण योजना के तहत किए गए काम को लेकर जनता के बीच अपनी बात पहुंचा रही है। एडीए प्रत्याशी डॉ. अरविंद राजभर हैं। हमने गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया। कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। सर्व समाज का समर्थन मिल रहा है। छड़ी चुनाव चिह्न जीत रहा है। कहा कि सपा की गुंडई को लोग भूले नहीं हैं। प्रदेश में सपा की चार-चार जनसभाओं में सपा के गुंडों ने बल्ली, माइक को तोड़ दिया। मंच पर कब्जा कर लिया। सपा और इंडी गठबंधन के नेताओं को बैरंग लौटना पड़ा।
सपा शासनकाल में एक हजार दंगे हुए। जनता सब समझ चुकी है। यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था की चर्चा पूरे देश में है। चार करोड़ गरीबों का पक्का मकान बना है। जिस गरीब के पास पक्का मकान नहीं है। वह कच्चे मकान, झोपड़ी में रह रहे हैं तो वह चिट्ठी लिखकर भेज दें आवास योजना का लाभ मिल जाएगा। यह मोदी की गारंटी है। आज लोक निर्माण विभाग 2.72 लाख किमी सड़क बनाया है। फोरलेन से जोड़ा गया है। प्रतिवर्ष छह हजार किसान सम्मान निधि मिल रही है। कोरोना काल में शुरू निशुल्क राशन अब भी मिलना जारी है। अब 70 वर्ष के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज देने की मोदी की गारंटी है।