अपर आयुक्त आजमगढ़ मंडल पीके श्रीवास्तव ने सोमवार की शाम रानीपुर ब्लाक के डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम मिर्जापुर एवं मुहम्मदाबाद गोहना के नरौनी गांव में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित किया। चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। चौपाल में जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे।
डा.राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पर लगी चौपाल में अपर आयुक्त आजमगढ़ मंडल पीके श्रीवास्तव ने लोगों की समस्या सुनी।
चौपाल में सबसे ज्यादा समाजवादी पेंशन के मामले प्रकाश में आए और लोगों ने पेंशन न बनने की बात कही। अपर आयुक्त ने चौपाल के दौरान ही गांव में बन रहे आवास, शौचालय, आरसीसी रोड सहित समाजवादी पेंशन की प्रगति के बारे में अधिकारियों और ग्रामीणों दोनों से जानकारी ली।
उन्होंने प्राथमिक स्कूल के बच्चों से मिड डे मील बनने के बारे में पूछताछ किया। चौपाल के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक योजना डा.राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना है।
ऐसे में इस योजना के तहत सभी योजनाओं को लाभ इस गांव के लोगों को मिलना है, ऐसे में इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चौपाल के दौरान सीडीओ गिरीजेश त्यागी, परियोजना निदेशक हरिचरन ,डीपीआरओ दिनेश सहित जिले के सभी आला अधिकारी मौजूद रहे।