मऊ। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के मऊ शाखा के अध्यक्ष सतिराम यादव के नेतृत्व में मांगों को लेकर लोको पायलट 36 घंटे तक क्रू लॉबी में भू्ख हड़ताल पर बैठे रहे। कुछ लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों ने बिना कुछ खाए पीए 36 घंटे तक ट्रेन चलाया। ट्रेन का संचालन कर रहे लोको पायलट रनिंग रूम और ट्रेनिंग सेंटर में भोजन बॉयकाट किया।
यह हड़ताल 20 फरवरी की सुबह आठ बजे से 21 फरवरी का रात आठ बजे तक चली। इस दौरान किसी तरह का काम प्रभावित नहीं हुआ। हड़ताल पर बैठे अध्यक्ष सतिराम यादव, सचिव शिवराम यादव, सुधीर यादव, सुजीत कुमार, अमित कुमार यादव, रामविनय पांडेय, शमीम अंसारी आदि लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों ने एक जनवरी 2024 से रनिंग भत्ता दरों में 25 फीसदी वृद्धि और आरएसी 1981 के अनुसार दरों में संशोधन करने की मांग की। नई पेंशन स्कीम और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को रद्द कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। 70 फीसदी किमी भत्ते को आयकर से मुक्त करने, मालगाड़ी चलाने के लिए अधिकतम आठ घंटे और यात्री ट्रेनों के लिए छह घंटे ड्यूटी निर्धारित करने की मांग की।