त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रथम चरण के प्रत्याशियों की स्थिति नामांकन वापसी के बाद शनिवार को स्पष्ट हो गई। मुहम्मदाबाद गोहना और रानीपुर ब्लाकों के 11 वार्डों से जिला पंचायत सदस्य पद से आठ प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया । क्षेत पंचायत के लिए रानीपुर ब्लाक से 39 एवं मुहम्मदाबाद गोहना से 24 ने नामांकन वापस लिया।
दोनों ब्लाकों के जिला पंचायत के 11 वार्डोँ से कुल 176 पर्चा दाखिल हुए थे। इसमें आठ प्रत्याशियों का पर्चा निरस्त हो गया था। शनिवार को नामांकन वापसी में वार्ड 23 से फूलचन्द, सरधन और सुरेश, वार्ड 24 से किरन पाल, वार्ड 25 से रूकमणी, वार्ड 28 से रामदुलारे एवं वार्ड 32 से नीलम यादव तथा गुलाबी सहित कुल 8 प्रत्याशियों ने जिला पंचायत सदस्य पद के पर्चे वापस लिए। इस प्रकार इन 11 वार्डों से अब कुल 160 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मुहम्मदाबाद गोहना संवाददाता के अनुसार नामांकन वापसी के बाद 88 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिये मैदान में कुल 420 प्रत्याशी मैदान में हैं। शनिवार को चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है।
ब्लाक क्षेत्र में 91 पदों के लिये दाखिल किये गये पर्चो में से शनिवार को विभिन्न वर्गो के 24 प्रत्याशियों ने दावेदारी वापस ले लिया। क्षेत्र के सियाबस्ती, सौसरवां व बरहदपुर वार्ड से अन्य प्रत्याशियों के पर्चा वापस ले लिये जाने से इन वार्डो में निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
गौर तलब है कि निर्विरोध निर्वाचित होने वाली तीनों ही प्रत्याशी महिलायें हैं। सियाबस्ती गांव के वार्ड एक से मंशा देवी, बरहदपुर गांव के वार्ड संख्या 33 की सुंदरी देवी व सौंसरवां देवरिया गांव के वार्ड संख्या 86 की मनभावती देवी के खिलाफ अन्य दावेदारों के पर्चे वापस ले लिये जाने से तीनों के निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है।
शनिवार को पर्चा वापसी के दिन सामान्य वर्ग के एक सामान्य महिला की दो अनुसुचित जाति के तीन, अनुसूचित जनजाति के एक , पिछडी़ जाति महिला की दस व पिछडी़ जाति पुरूष के सातप दावेदारों ने अपनी दावेदारी वापस ले लिया। इस प्रकार तीन के निर्विरोध निर्वाचित होने की दशा में अब कुल 88 पदों के लिये 420 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। शनिवार को चुनाव चिन्ह लेने के लिये सैकड़ों उम्मीदवार लाइन लगाये हुए थे।
रानीपुर संवाददाता के अनुसार कुल 111 सीटों पर 705 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इसमें शनिवार को 39 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अबतक इस ब्लाक में 666 प्रत्याशी मैदान में हैं। ब्लाक में चार उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। इसमें पूर्व ब्लाक प्रमुख की पत्नी नीति सिंह वार्ड 107 करमी क्षेत्र पंचायत से। इसके अलावा इस ब्लाक की सीमा, कौशल्या, विनोद कुमार का निर्विरोध चुना जाना तय है।