मधुबन/फतहपुर। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक ही गांव के दो किसानों की मौत हो गई। वहीं बिजली की चपेट में आकर तीन भैंस भी मर गईं। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। जबकि गांव में मातम छा गया।
मधुबन थाना क्षेत्र में सुबह से ही आसमान में तेज चमक के साथ बारिश हो रही थी। मधुबन दुबारी मार्ग स्थित गंगऊपुर गांव के शिवधर प्रसाद (50) पुत्र कुलपत तथा राजनाथ यादव (47) पुत्र मथुरा सुबह खेत में मवेशियों को चराने ले गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान बिजली गिरी जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के बाद परिवारीजन दोनों को अचेत हाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनोें को मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। शिवधर प्रसाद की पत्नी शांति देवी व तीन पुत्र शिवानंद, रवि, शिव शंकर एक पुत्री शशिलता तथा राजनाथ यादव की पत्नी राजकुमारी व दो पुत्र राजवंत, राहुल तथा एक पुत्री प्रीति का रो रो कर बुरा हाल था। दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
वहीं रतनपुरा संवाददाता के अनुसार हलधरपुर थाना क्षेत्र के कोन्हिया गांव में सुबह बिजली गिरने से तीन भैंस की मौत हो गई। पशु पालक सुरेंद्र यादव की तीन भैंस चर रही थी। बिजली की चपेट में आने से तीनों भैंस झुलस कर तड़पने लगी। यह देख देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लेकिन कुछ देर में ही तीनों भैंस की मौत हो गई। तीनों भैंस की कीमत लगभग ढाई लाख रुपए आंकी जा रही है। हादसे के बाद लेखपाल कृष्ण बहादुर ने मौके का मुआयना किया और शासन को अपनी रिपोर्ट भेजकर हर संभव आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।