जागरुकता रैली का हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम ऋषिरेन्द्र कुमार।
मऊ। स्कूल चलो अभियान, नि:शुल्क ड्रेस एवं पाठ्य पुस्तक वितरण का आगाज शुक्रवार को जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ख्वाजाजहांपुर से एक साथ किया। जिलाधिकारी ने स्कूल के 150 छात्र छात्राओं को नि:शुल्क ड्रेस और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया । इस अवसर पर उन्होंने सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण कर एवं दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की । जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान के लिए एक प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया ।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा बिना नामांकन के न बचे। इसके लिए अभियान चलाकर जागरूकता फैलायी जाय। बच्चों के माता-पिता को भी जागरूक किया जाय। डीएम ने बच्चों के भोजन की गुणवत्ता भी देखी । इस मौके पर बीएस राकेश कुमार ने सरकार द्वारा बेसिक स्कूलों के बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया।जिला समन्वयक योगेंद्र यादव ने बताया कि स्कूलों में शत प्रतिशत नामांकन के लिए स्कूल चलो अभियान के तहत रवाना किया गया यह रथ जिले के सभी नौ ब्लाकों और नगर क्षेत्र में जाएगा। इस अवसर पर नगर शिक्षाधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने अध्यापकों से शैक्षिण गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया। उच्च प्राीथमिक विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किीया। इस मौके पर जिला समान्वयक अखिलेश सिंह, अमित श्रीवास्तव, सुधा वर्मा, प्रधानाध्यापिका सुशीला देवी , रामानंद प्रसाद ,संगीता , रीता कौशिल्या, हीरा लाल सहित काफी अध्यापक और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व समन्वयक चंद्रधर राय ने किया।