मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर एक लेखपाल का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अर्चना अग्निहोत्री ने संबंधित लेखपाल अविनाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही आरोपी लेखपाल के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। एसडीएम ने इस पूरे प्रकरण की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए तहसीलदार न्यायिक (मोहम्मदाबाद गोहना) को जांच अधिकारी नामित किया है।
जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे मामले से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की गहनता से जांच कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस कड़ी कार्रवाई पर बात करते हुए उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा कि प्रशासन में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी स्तर पर इस तरह की लापरवाही या संलिप्तता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संवाद