मधुबन तहसील क्षेत्र के हसनपुर बहरामपुर निवासी किसान राजू ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पैमाइश की रिपोर्ट मांगने पर लेखपाल द्वारा थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
राजू का आरोप है कि तहसील में तैनात एक लेखपाल ने उनकी विवादित भूमि की पैमाइश की थी। सोमवार को वह तहसील परिसर स्थित लेखपाल भवन में पैमाइश की रिपोर्ट लेने पहुंचे थे। वहां पहले से उनका विपक्षी मौजूद था।
इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में लेखपाल ने राजू को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उनके वृद्ध पिता बीच-बचाव कर उन्हें घर लेकर चले गए।
विज्ञापन
उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि प्रार्थनापत्र मिला है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।