मऊ। सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और दो अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किए जाने से नाराज हुए अधिवक्ता सोमवार को दीवानी कचहरी पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय शनिवार को संघ के पुस्तकालय भवन में एसोसिएशन की हुई बैठक में लिया गया। वकीलों ने इसे एसोसिएशन का अपमान बताया। उन्होंने एफआईआर को स्पंज कराने तथा साजिशकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ता शनिवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विरेंद्र बहादुर पाल कहा कि उनके और उनके भाई विजय बहादुर पाल तथा गनर पर मिथ्या और तर्कहीन तथ्यों के आधार पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से मुकदमा दर्ज किया गया है। कहा कि अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज कराना पूरे बार एसोसिएशन का अपमान है। ऐसे में साजिशन जो गलत एफआईआर दर्ज हुई है उसकी जांच कर उसे स्पंज किया जाए। साथ ही जिसने साजिश की है उस पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता इन मांगो को लेकर सोमवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए कचहरी के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन करेंगे। कहा कि इसके लिए अन्य जिलों के भी एसोसिएशनों और वकीलों से सहयोग मांगा जाएगा। बैठक में मानसिंह यादव, वृजभान पाल, अश्विनी सिंह, अमित सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद तिवारी, भरत राय उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने किया।