नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार देर शाम एनकॉर्ड जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कलेक्ट्रेट सभागार में इसकी अध्यक्षता की। उन्होंने जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होंने जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए, जिससे समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़े और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखा जा सके।
वहीं डीएम ने जिला औषधि निरीक्षक को निर्देश दिए कि नशीली दवाओं की बिक्री केवल वैध पर्चे पर ही सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्रय-विक्रय का विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित हो और 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवाएं न दी जाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्त वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि नशे से संबंधित सामग्री का उपयोग या भंडारण करने वाले अध्यापक या कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।