मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सरैंया गांव में छत से गिरकर घायल हुए मजदूर की बुधवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले राजू साहनी की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार सरैंया गांव निवासी राजू साहनी पुत्र चंद्रदीप साहनी मंगलवार रात पत्नी और बच्चों के साथ घर की छत पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए पत्नी बच्चों को लेकर नीचे उतर गईं। कुछ देर बाद राजू भी छत से नीचे आने के लिए उठे।
राजू के पिता के अनुसार नींद की हालत में वह गलत दिशा में चले गए और अचानक छत से नीचे गिर पड़े। गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे तो राजू को गंभीर हालत में पाया। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बुधवार सुबह करीब छह बजे उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने राजू का उपचार शुरू किया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कोतवाल केके वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।