जिला अस्पताल में आए दिन मिल रही शिकायतों को देखते हुए एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर सूचना देने पर जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे।
इस दौरान अस्पताल में लैब टेक्नीशियन द्वारा धन मांगने की बात को सही पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया। जिलाधिकारी के इस कार्रवाई से पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने इस दौरान सीएमएस सहित सभी को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि लोगों से इस प्रकार की शिकायत मिलने पर दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
नगर के हट्ठी मदारी निवासी एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी के मोबाइल पर सोमवार को फोन कर शिकायत की कि जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन द्वारा जांच के नाम पर धन मांगा जा रहा है।
जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। वह तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता के मामले की जांच कराई तो मामला सही पाया गया।
इस दौरान उन्होंने सीएमएस से शिकायतकर्ता का पैसा वापस दिलवाया साथ ही आरोपी लैब टेक्नीशियन दरोगा सिंह को निलंबित कर दिया। डीएम के अस्पताल में पहुंचने पर कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
जिलाधिकारी ने इस दौरान सभी को चेतावनी दी कि अस्पताल में दलालों का प्रवेश वर्जित किया जाए। अगर मरीजों से पैसा लेकर उनका शोषण करने की शिकायत पाई गई तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।