मऊ। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शासन के आदेश पर नगर के इमिलिया मुहल्ले में मौजूद फातिमा अस्पताल को संक्रमितों का उपचार करने लिए लेबल-2 का अस्पताल बनाया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने दी। उन्होंने कहा कि फातिमा अस्पताल में 30 वेंटिलेटर की सुविधा होने के कारण शासन ने इसे अधिग्रहित करने का आदेश दिया। डीएम ने लोगों को अफवाह पर ध्यान न देने को कहा, बोले आईबी की रिपोर्ट के अनुसार सभी को एलर्ट रहने की जरूरत है। डीएम ने बताया कि शुक्रवार की रात भीटी ओवरब्रिज के पास से आठ नेपालियों को पकड़कर क्वारंटीन किया गया। डीएम ने कहा कि पकड़े गए संदिग्धों की जांच की जा रही है। डीएम ने बताया कि पूछताछ में नेपालियों ने बताया कि वे हरिद्वार से आ रहे हैं और गोरखपुर जा रहें हैं। डीएम ने बताया कि हरिद्वार से कोई हाईवे मऊ को नहीं आता। बल्कि सीधे गोरखपुर को जाता है। ऐसे में नेपालियों का यह तर्क संदेहपूर्ण है। बोले कोरोना संक्रमण जिला मुक्त होने के लिए जिले की जनता के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणांचल की टीम, प्रधान संघ के साथ-साथ सिपाहियों का उन्होंने धन्यवाद दिया। बोले सभी की सजगता और सामूहिक प्रयास से अब तक जिला संक्रमण मुक्त है। डीएम ने कहा कि सभी को सजग रहने की जरूरत है, यह तभी संभव होगा, जब बाहर से आने वालों की सूचना समय से प्रशासन तक पहुंचे। ताकि उनकी जांच कर उन्हें क्वारंटीन किया जा सकें। डीएम ने सभी को आश्वत करते हुए कहा कि जिस समय कोरोना का संक्रमण शुरु हुआ अपने पास सीमित संसाधन थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। साधन और संसाधन दोनों में वृद्धि हुई है।