नगर के सहादतपुरा बाजार में सजी राखी की दुकान से खरीदारी करतीं छात्राएं।
मऊ। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर बृहस्पतिवार को बाजारों में रौनक और बढ़ गई। नगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र सहादतपुरा बाजार में पर्व की तैयारियों को लेकर खासी चहल-पहल दिखाई दी।
सुबह से ही राखियों की दुकानों पर खरीदारों, विशेषकर बहनों की भीड़ उमड़ती रही। बाजार में राखियों की कई नई वैरायटी उपलब्ध हैं। बहनें भाइयों की पसंद और उम्र के हिसाब से राखियों की खरीदारी कर रही हैं। युवतियों और महिलाओं में कुंदन, जरी, रुद्राक्ष, मोती और स्टोन वाली राखियों की मांग अधिक है। सहादतपुरा बाजार में मुख्य मार्ग से लेकर अंदरूनी गलियों तक राखियों की दर्जनों दुकानें सज गई हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए आधुनिक डिजाइन और आकर्षक रंगों वाली राखियां सजा रहे हैं। बाजार की बढ़ी रौनक से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। कारोबारियों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
छोटे बच्चों के लिए लाइट और साउंड वाली राखियों के साथ छोटा भीम, डोरेमोन, स्पाइडरमैन और एवेंजर्स थीम वाली राखियां खूब पसंद की जा रही हैं। वहीं युवाओं के लिए मेटल, चांदी की परत वाली और ब्रेसलेट स्टाइल राखियों की मांग बनी हुई है।