नगर क्षेत्र के बलिया मोड़ स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में नगर पालिका के तत्वावधान में मऊ नगर पालिका गोल्ड कप आल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट में गुरुवार को सेमीफाइनल हुए।
इसमें जार्ज टेलीग्राफ कोलकाता और आरके स्टील मुंबई ने अपने अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच शुक्रवार को खेला जाएगा।
गुरुवार को पहला सेमीफाइनल यंग मुस्लिम नागपुर और आरके स्टील मुंबई के बीच खेला गया। मैच के शुरूआत से ही दोनों टीमें एक दूसरे पर आक्रमण करने लगी।
पहले हाफ के 27वें मिनट में आरके स्टील मुंबई के खिलाड़ी चीबुजू ने पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। 32वें मिनट में यंग मुस्लिम नागपुर के अमुल यादव ने गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर लाया।
लेकिन उसके बाद लगातार आरके स्टील के खिलाड़ी टोरोज ने दो गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के दसवें मिनट में आरके स्टील के तनमय पाल ने एक और गोल कर अपनी टीम को 4-1 से विजयी किया।
और फाइनल में जगह पक्की की। दूसरा सेमीफाइनल जार्ज टेलीग्राफ कोलकाता और अब्बास यूनियन हैदराबाद के बीच खेला गया।
जिसमें पहले हाफ के 10वें मिनट में जार्ज टेलीग्राफ के खिलाड़ी सुकमल ने शानदार पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ के 7वें मिनट में जार्ज टेलीग्र्राफ के खिलाड़ी सुब्रत मंडल ने शानदार खेल दिखाते हुए एक गोल करके अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई।
15वें मिनट में जार्ज टेलीग्राफ के खिलाड़ी जानसन और अब्बास यूनियन हैदराबाद के खिलाड़ी राके श के आपस में झगड़ने के कारण रेफरी ने जानसन को लाल कार्ड व हैदराबाद के राकेश को पीला कार्ड दिखाया।
दूसरे हाफ के 41वें मिनट में जार्ज टेलीग्राफ के जावेद अंसारी ने तीसरा गोलकर अपनी टीम को 3-0 से विजयी बनाकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में मुख्य अतिथि के रुप में जिला जज सीएम दीक्षित ने खिलाड़ियाें से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा यह अच्छा कार्य किया जा रहा है
मनोरंजन के साथ साथ नई नई प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिल रहा है। वहीं टूर्नामेंट के आयोजक पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने सभी का बुके देकर स्वागत किया।
इस दौरान मुख्य रुप से सीजेम अली रजा, सेंट्रल बार के अध्यक्ष फतेहबहादुर सिंह, मंत्री मानसिंह यादव, हरिद्वार राय, डा.नम्रता श्रीवास्तव, डा.अरविंद श्रीवास्तव , फैज अहमद, मास्टर मजहर, मुरलीधर यादव, रिजवान अहमद आदि मौजूद रहे।