मऊ में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मठिया डगौली गांव में शनिवार देर रात एक युवक की चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में गांव के तीन लोगों को नामजद कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मठिया डगौली गांव निवासी अभिषेक यादव (21) पुत्र प्रकाश यादव के मोबाइल पर शनिवार की रात सात बजे के करीब किसी ने फोन किया। काॅल रिसीव करने के बाद युवक घर से निकल गया। बताया जाता है घर से निकला अभिषेक गांव निवासी राम कुंवर यादव के घर आई बारात में पहुंचा। वहां उसे पीछे से दो लोगों ने पकड़ लिया, इस दौरान तीसरा व्यक्ति उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किया। युवक के घायल होने पर हमलावर उसे छोड़ कर फरार हो गए। हालांकि बारात में मौजूद घायल का बड़ा भाई हरिमोहन हमलावरों को दौड़ाया, लेकिन हमलावरो ने उस पर भी हमला कर दिया। इस दौरान हरिमोहन घायल होकर गिर गया। बाद में सूचना मिलने पर परिजन घायल हुए अभिषेक और हरिमोहन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना ले गए। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजी। बाद में परिवार के सदस्य घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिए, इसमें पीड़ित ने गांव निवासी तीन लोगों को आरोपित कर नामजद किया है। पुलिस नामजद किए आरोपियों में से एक को हिरासत में ले ली, जबकि दो फरार हैं इस बाबत बात करने पर कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक ने बताया चाकू से हमला कर युवक की हत्या करने की घटना में गांव निवासी राम सिंह, शिव बालक और आनंद यादव के विरुद्ध कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बोले नामजद में से एक की गिरफ्तारी की गई है। साथ ही हत्या के पीछे कारण की तलाश की जा रही है।