दोहरीघाट। सरयू नदी की रेत में मिले चांदी के शिवलिंग को थाने के मालखाने में रविवार को प्रशिक्षु सीओ डॉ. अजय विक्रम सिंह की देख रेख में रखवाया गया। उसे देखने के लिए थाने में लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। उधर, कस्बावासियों ने शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कराने की मांग की है। मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संरक्षक व्यवस्थापक पूर्व चेयरमैन गुलाब चंद्रगुप्त ने कहा है कि वैसे तो इस मामले में आगे की कार्रवाई प्रशासन ही तय करेगा लेकिन नगर वासियों की इच्छा है कि कस्बे में ही शिवलिंग की स्थापना कर दी जाए। शिवलिंग का रुद्राभिषेक करने वाले आचार्य श्याम जी पांडे ने कहा कि कस्बे के मंदिर में ही शिवलिंग की स्थापना होती तो धार्मिक नगरी की महत्ता बढ़ेगी। पार्वती ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज के संस्थापक लाल बिहारी द्विवेदी व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष विनय जायसवाल ने भी शिवलिंग को मंदिर में स्थापित करने की बात कही। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, शिवलिंग सौंपने वालों राममिलन निषाद, दीनानाथ साहनी, रामचन्द्र साहनी और पूनम निषाद को थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने रविवार को सम्मानित किया। पूनम निषाद को कांस्टेबल शची ने 1001 प्रोत्साहन राशि दी।