सदर तहसील के पास घूस ले रहे कानूनगो रामकृत पासवान को रंगे हाथ पकड़ते एंटी करप्शन गोरखपुर की टीम क?
- फोटो : MAU
मऊ। सदर तहसील के हलधरपुर सर्किल के कानूनगो को मंगलवार को एंटी करप्शन गोरखपुर की टीम ने सदर तहसील के पास एक किसान से तीन हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कानूनगो एक किसान से जमीन की पैमाईश करने के लिए तीन हजार रुपये घूस मांग रहा था। एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी कानूनगो को शहर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
सदर तहसील क्षेत्र के हलधरपुर थाना क्षेत्र के दतौड़ा गांव निवासी त्रिभुवन चौहान का राजस्व संबंधी एक विवाद चल रहा है। उसमें पैमाईश कराने के लिए त्रिभुवन ने कानूनगो रामकृत पासवान से संपर्क किया। कानूनगो ने किसान से तीन हजार रुपये रिश्वत मांगी। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन गोरखपुर से कर दी। एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत मांग रहे कानूनगो को रंगे हाथ गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई। उधर कानूनगो ने किसान को रुपये देने के लिए मंगलवार को सदर तहसील के बाहर बुलाया था। तय समय के अनुसार जब किसान कानूनगो से मिला और उसकी मांग के अनुसार तीन हजार रुपये उसे थमाया। इसी दौरान कुछ दूर से नजर रख रही एंटी करप्शन की टीम ने कानूनगो को दबोच लिया। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को पकड़ने के बाद नियत प्रक्रिया पूरी की और उसे लेकर कोतवाली गई। इधर कानूनगो के रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़े जाने की जानकारी होते ही राजस्व कर्मियों में हड़कंप मच गया। समाचार लिखने तक शहर कोतवाली में आरोपी कानूनगो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी।