मधुबन /दुबारी। तहसील क्षेत्र के दुबारी स्थित आजाद पब्लिक स्कूल के प्रांगण में चल रहे दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच सोमवार की देर शाम देवरिया एवं ककरहट्टा आजमगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल मैच में ककरहट्टा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर देवरिया को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तीन सेटों के इस फाइनल मुकाबले में ककरहट्टा ने सीधे सेटों में देवरिया को 15-4, 15-6 के अंतर से हरा कर ख़िताब पर अपना कब्ज़ा जमाया। देवरिया टीम के निरंकार को प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट तो वहीं ककरहट्टा के नेहाल अहमद को मैन ऑफ़ द फाइनल घोषित किया गया। इससे पहले हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में देवरिया की टीम ने गोरखपुर को 2-0, तो ककरहट्टा की टीम ने बम्हौर आजमगढ़ की टीम को 2-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
बाबू वशिष्ठ नारायण सिंह एवं भगत सिंह की स्मृति में आयोजित इस दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवरिया, गोरखपुर, बलिया, इलाहाबाद, मऊ एंव आजमगढ़ जनपद की कुल 10 टीमें भाग लिया था। इस दौरान दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और प्रतिभागी टीमें एक-एक अंक के लिए एक दूसरे से जूझती नजर आई।विजेता एंव उपविजेता दोनों टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह, नायब तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह के हाथों ट्रॉफी, नगद राशि से पुरस्कृत किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह ने कहा कि हार-जीत अपनी जगह है।लेकिन इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। दो दिनों तक क्षेत्रीय जनता को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई दी। प्रतियोगिता के आयोजक राजेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी टीम के खिलाड़ियों, दर्शकों एवं अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया और अगले साल और भी बेहतर आयोजन का भरोसा दिलाया।
कमेंटेटर की भूमिका में अरविंद सिंह तो वहीं निर्णायक की भूमिका में फैयाज अहमद, शाहनवाज हुसैन, संजय शर्मा एवं अरबाज रहे। इस दौरान अवर अभियंता मनोज गुप्ता, बृजमोहन पाण्डेय, जयराम सिंह, सुनील कुमार, अमित मिश्र, प्रिंस सिंह आदि रहे।