मुहम्मदाबाद गोहना। रानीपुर थाना अंतर्गत खुरहट पुलिस चौकी के धर्मसीपुर गांव में स्थित कब्रिस्तान में घुसकर हैंडपंप उखाड़ने और उसमें लगे पेड़ पौधों को नुकसान करने के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों ने कामरेड रामसोच यादव व कामरेड राम कुमार भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा है कि अराजक तत्वों ने पंचायत चुनाव में राजनीतिक लाभ के लिए और साम्प्रदायिक माहौल खराब करने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि घटना के 4 दिन बाद भी स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे शरारती तत्वों का हौसला बुलंद है। मांग पत्र पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में कामरेड रामजीत चौहान, सुभाष सिंह बेचई सरोज आदि शामिल रहे।