राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह में बंद किशोर तीसरे दिन ही चहारदीवारी फांदकर भाग गया। संप्रेक्षण गृह के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्र की तहरीर पर मऊ कोतवाली पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय नारायण यादव, होमगार्ड संजय यादव, बलिराम यादव, पीआरडी जवान मनोज कुमार और किशोर के विरुद्ध शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार, किशोर बोर्ड के आदेश पर कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत के एक मोहल्ले के किशोर को 15 जुलाई को संप्रेक्षण गृह में भेजा गया था। उसे गत दिवस मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने अभिरक्षा में लिया था। आरोप था कि किशोर ने अल्लीपुर गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर की दानपेटी से रुपये चुराए थे।
पुलिस ने उसका ई-रिक्शा भी सीज कर दिया था। 17 जुलाई की सुबह लगभग 9:25 बजे किशोर संप्रेक्षण गृह की दक्षिण दिशा स्थित चहारदीवारी फांदकर परिसर से भाग गया। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय नारायण यादव, होमगार्ड संजय यादव, बलिराम यादव और पीआरडी जवान मनोज कुमार ड्यूटी पर तैनात थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली और कोपागंज थाना पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। कैद से भागा किशोर जल्द पकड़ लिया जाएगा।