गुरूमहा गांव स्थित बंद मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान,खुला बक्शा।संवाद
रामपुर थाना क्षेत्र के गुरूमहा गांव में किराना व्यापारी के बंद मकान से मंगलवार की रात चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद ले गए। बुधवार को इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार गुरूमहा निवासी सोनू गुप्ता ने बताया कि वह मर्यादपुर बाजार में किराना की दुकान चलाते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर आए। भोजन करने के बाद उन्होंने मकान बंद किया और दुकान चले गए।
उनका मकान मधुबन-बेल्थरा मार्ग के किनारे स्थित है। रात करीब 8:45 बजे जब वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजा हल्का खुला मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी अस्त-व्यस्त थी। पीड़ित ने रामपुर थाना पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चोरी की घटना के बाद मौके का निरीक्षण किया है। सीओ मधुबन दिनेशदत्त मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।