नगर के रौजा स्थित बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़।
- फोटो : mau
ईद पर्व में लगभग 12 दिन ही शेष रह गए हैं, लेकिन नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में तैयारी तेज हो गई है। नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। खास तौर से कपड़े की दुकानों पर कुछ ज्यादा ही रौनक दिख रही है। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी बाजार में खरीदारी करने में मशगूल हैं।
ईद आने में लगभग कुछ ही दिन ही शेष बचे हैं। लेकिन नगर के सहादतपुरा, मुुंशीपुरा, सिंधी कालोनी, चौक,औरंगाबाद, भीटी सहित जिले के मधुबन, घोसी, सूरजपुर, मुहम्मदाबादगोहना, वलीदपुर सहित विभिन्न बाजारों में देर शाम तक बाजारों में चहल पहल रह रही है। ऐसे में सभी लोगों को बाजार का काम निपटाने की भी जल्दी रह रही है। लोग सुबह से बाजारों में दिखाई दे रहे हैं। बच्चों में ईद की खुशी देखने को मिल रही है। लोगों की भीड़ इफ्तार के बाद खरीदारी करने में ज्यादा दिख रही है।
बाजारों में सरारा गाउन एक हजार से चार हजार रुपये तक बिक रहा है। रेडिमेड सूट, लांचा, लहंगा ब्लाउज, जयपुरिया सूट की डिमांड है। कपड़ा व्यवसायी विनोद खंडेलेवाल, मनोज कुमार सिंधी ने बताया कि मध्यम वर्ग के लोग लुंगी, कुर्ता ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बच्चे, युवा जींस शर्ट पैंट खूब पसंद कर रहे हैं। जिसकी रेंज 400 रुपये से शुरू होकर चार हजार रुपया से अधिक तक है। सहादतपुरा के साड़ी व्यवसायी सुरेश कल्यानिया ने बताया कि ईद के मद्देनजर काटन साड़ी, सिल्क साड़ी की मांग हैं। काटन साड़ियां 400 से एक हजार रुपये तथा सिंथेटिक साड़ियां एक हजार से दो हजार रुपये से अधिक रेंज तक बिक रही है। बाजार में कई तरह की लच्छेदार सेवइयां बिक रही हैं। दुकानदारों ने बताया कि बाजार में लोकल तथा ब्रांडेड कंपनियों की सेवइयां भी बिक रही हैं।