मऊ। जिले में शनिवार को 24 घंटे में 2012 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें पांच नए संक्रमित मरीज मिले, जबकि 21 मरीज उपचार के बाद ठीक होकर घर लौटे। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 157 पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अलग अलग जगहों पर 1148 संदिग्धों की जांच एंटीजेन से की गई। इसमें एक मरीज संक्रमित मिला।
वहीं आजमगढ़ से आई 864 जांच रिपोर्ट में दो और ट्रूनाट जांच में दो मरीज मिले। संक्रमित मरीजों में दस वर्षीय बालिका भी शामिल है। संक्रमित मरीजों में नगर क्षेत्र से दो, घोसी ब्लाक से एक और दो अन्य क्षेत्र से मिले है। जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 8 हजार 120 पहुंच गई।इसमें 7 हजार 893 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके है। 73 मरीजों की मौत हो चुकी है, सक्रिय 157 मरीजों में से 87 मरीजों का उपचार होम आईसोलेशन में किया जा रहा है।