जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कौशल विकास मिशन, पीएम आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बैठक में डीएम ने कौशल विकास मिशन के लक्ष्यों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की प्रगति की चर्चा के दौरान प्रिंसिपल,आईटीआई एसके जैन ने बताया कि जनपद में ओडीओपी योजना के अंतर्गत राजकीय आईटीआई को मिशन द्वारा टेक्सटाइल सेक्टर में कुल 108 का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष 27 बच्चों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। माध्यमिक विद्यालयों मैं कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले बच्चों के लिए कुल 280 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, परंतु अभी प्रशिक्षण कार्य आरंभ नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास में मिशन द्वारा 2594 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसका 72 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। कौशल विकास मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रिंसिपल आईटीआई को लक्ष्य के सापेक्ष जल्द प्रशिक्षण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिया। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी ददन कुमार ने बताया कि अक्तूबर माह में पीएम स्वनिधि के तहत प्रथम लोन के लिए कुल 144 आवेदन के सापेक्ष 94 लोगों का लोन स्वीकृत हुआ जिनमें से 86 लोगों को ऋण का वितरण भी किया जा चुका है। इसके अलावा द्वितीय ऋण के लिए 628 लोगों के आवेदन के सापेक्ष 478 आवेदनों को स्वीकृति मिली। जिनमें से 398 लोगों को ऋण का वितरण किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री आवास योजना(शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि माह में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 95.79 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। जिन आवेदन कर्ताओं ने प्रथम अथवा द्वितीय लोन लेने से इनकार कर दिया है और अभी भी पोर्टल पर उनका नाम दर्ज है, ऐसे मामलों में संबंधित बैंकों से संपर्क कर पोर्टल से इन आवेदन कर्ताओं का नाम हटवाने के निर्देश दिया। उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारियों को सभी कार्यों का डीपीआर शीघ्र भेजने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी ददन कुमार, प्रिंसिपल आईटीआई एसके जैन, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार आदि शामिल रहे।