मऊ। मधुबन थाने के दुबारी पुलिस चौकी प्रभारी को एक मुकदमे में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया है।
चौकी प्रभारी की शिकायत की गई थी कि उन्होंने विवेचना के दौरान लापरवाही बरती। उन्होंने एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्ट्या शिकायत सही पाए जाने पर दरोगा को निलंबित कर दिया। इसी चौकी प्रभारी पर आरोप है कि 13 जून को दुबारी मोड़ पर दो व्यक्तियों से बातचीत कर रहे एक नीजी बैंक के एजेंट भठिया निवासी आस नारायण पांडेय को सरेआम पीट दिया था। इसके बाद चौकी पर ले जाकर खंभा पकड़ाकर तीनों की पिटाई कर दिया था। आस नारायण ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र सौंपकर दरोगा की करतूतें बताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाया था। एसपी ने बताया कि एक मुकदमे में त्रुटिपूर्ण विवेचना के आरोप में दुबारी पुलिस चौकी प्रभारी एसआई सुभाष चंद्र को निलंबित कर दिया गया है।