मधुबन। तहसील क्षेत्र के सबसे सुदूर गांव चक्की मुसाडोही गांव में घाघरा के तेज बहाव के जद में आने के बाद कई संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रह है। प्रशासन के निर्देश पर राजस्व टीम ने क्षतिग्रस्त मार्गो का निरीक्षण किया। घाघरा नदी में उफान आने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। नदी के तेज बहाव के चलते लक्षन का पुरा, घुरहु का पुरा, तालिया कला, चक्कीमुसाडोही को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के साथ ही गांव के कुल छह मुख्य मार्ग छतिग्रस्त हो चुके हैं। जिससे यहां के लोगों को अपने दैनिक कार्यों को करने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के निर्देश पर राजस्व टीम ने चक्कीमुसाडोही पहुंच कर क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण किया। राहत एवं बचाव के क्रम में पूर्व से चल रही 10 नावों के साथ ही दो और नावों को लगाते हुए यहा के लोगों को राहत देने में लगे रहे। राजस्व टीम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि यदि घाघरा का पानी बढता है तो इन्हें तेलियाकला स्थित बाढ़ प्रवास केंद्र में रखा जाएगा। बाढ़ पीड़ित सूर्यनाथ, लल्लन, घुरहू, रामप्रीत का कहना था कि सबसे विकट समस्या पशुओं के चारे की है। सभी सुविधाए बहाल किया जाए।