विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिन रोजगार देने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को मानव दिवस के अवसर पर विकास खंड की ग्राम पंचायत सुतरही और उमनपुर में विशेष रोजगार सृजन दिवस मनाया गया। इस दौरान नवागत मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खंडिया ने दोनों पंचायतों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर जायजा लिया।
सुतरही में करमु के घर से कुंवर के खेत तक लगभग 140 मीटर लंबे और 3 मीटर चौड़े चकबंध कार्य में कुल 60 श्रमिकों का मस्टरोल निकला था। मौके पर 52 श्रमिक कार्य करते मिले, जिन्हें सीडीओ ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने श्रमिकों से संवाद कर समय से मजदूरी भुगतान, जॉब कार्ड, ई-केवाईसी और कार्यस्थल पर सुविधाओं की जानकारी ली।
सीडीओ ध्रुव खंडिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि गांव के लोगों को गांव में ही रोजगार मिले, ताकि पलायन रुके और उनकी आजीविका मजबूत हो। सभी श्रमिकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराया जाए और समय से मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में पारदर्शिता बरती जाए और कोई भी पात्र श्रमिक रोजगार से वंचित न रहे। कहा कि पहले 100 दिन रोजगार का प्रावधान था, अब जी राम जी योजना के तहत 1 जुलाई से 125 दिन का रोजगार दिया जाएगा।
इस दौरान बीडीओ अरुण कुमार वर्मा, एपीओ सत्यप्रकाश पांडेय, ग्राम प्रधान निन्हक राम, सचिव प्रेम शंकर यादव, रोजगार सेवक विक्रम कुमार, एडीओ पंचायत आदित्य सिंह आदि थे।