सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी रहने से दो तहसील क्षेत्र के तटवर्ती इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 25 सेमी की वृद्धि दर्ज की गई। जिले में खतरा निशान 69.90 मीटर है। नदी खतरा बिंदु से 1.10 मीटर ऊपर बह रही है।
नदी में बाढ़ के दबाव से दोहरीघाट नगर की सुरक्षा के लिए रखे बोल्डर खिसकने से ऐतिहासिक धरोहरों के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। दोहरीघाट कस्बे के तीन मुहल्लों में बाढ़ का पानी घुस जाने से जहां हड़कंप मच गया है।
वहीं तटवर्ती इलाकों में जलमग्न हजारों एकड़ फसल के नष्ट होने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की तरफ से पर्याप्त नाव की व्यवस्था न होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ रहा है। सब कुछ जानकर आला अधिकारी दिशा निर्देश-जारी कर इतिश्री कर दे रहे हैं। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से दोहरीघाट क्षेत्र तथा मधुबन तहसील क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों के लोग नदी के रौद्र रुप को देखकर सहम गए हैं