चिरैयाकोट। सड़क हादसे में घायल मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के तुलसीपुर गढ़वा निवासी एक व्यक्ति की रविवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के तुलसीपुर गढ़वा निवासी चंद्रभान राम (48) पुत्र बालेश्वर राम बाइक से बीते शनिवार की शाम चिरैयाकोट थाना के करमी गांव निवासी अपनी बहन के घर खिचड़ी लेकर गया था। वापस लौटते समय चिरैयाकोट थाना के सुहवल बाजार के भैसइ नदी के पुल पर पहुंचा था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें चंद्रभान गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे आजमगढ़ जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई। चिरैयाकोट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पिता बालेश्वर की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।