कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के इंदारा बाजार में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बाजार में सामुदायिक शौचालय, पेयजल, यूरिनल सहित विभिन्न सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं। लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्षेत्र का इंदारा एक प्रमुख बाजार होने के कारण यहां अदरी, कटंवास, शाहपुर, खालिसपुर, मुहम्मदपुर, महुआर, कसारा सहित विभिन्न गांवों के लोग अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी करने आते हैं। इंदारा रेलवे स्टेशन होने के चलते यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री भी आते-जाते हैं।
इंदारा बाजार में काफी संख्या में दुकानें हैं और यहां प्रतिदिन सब्जी मंडी भी लगती है। बाजार में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। सामुदायिक शौचालय की सुविधा न होने से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार में यूरिनल की भी व्यवस्था नहीं है।
इस संबंध में क्षेत्र के संजय तिवारी, सोनू सिंह, दिलीप बर्नवाल, करन मद्धेशिया, रामप्रसाद, अशोक शर्मा और शिवम मद्धेशिया का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक सुविधाएं बहाल नहीं की जा सकी हैं।
इस बाबत खंड विकास अधिकारी कोपागंज चंद्रशेखर कुशवाहा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर बुनियादी सुविधाएं बहाल कराई जाएंगी।