मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भूपतनगर गांव में मंगलवार की देर शाम को अंडा विक्रेता की हत्या में पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में सभी संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। आरोपियों की रिश्तेदारियों, दोस्तों मित्रों और सर्मथकों के घरों पर पुलिस छापे मार रही है। लेकिन हत्यारे अभी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं।
रैनी गांव निवासी सत्येंद्र गुप्ता की हत्या के मामले में उसके छोटे भाई भूपेंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने देर रात रैनी गांव निवासी आशुतोष यादव और उसके तीन साथियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की है। पुलिस की स्वॉट और सर्विलांस टीमें दक्षिण टोला थाने की पुलिस की मदद के लिए लगाई गई हैं। पुलिस हत्यारों के छिपे होने के संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें पूरी रात दबिशें देती रहीं। इस क्रम में पुलिस ने आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद के कई स्थानों पर भी गईं लेकिन अभी पुलिस को सफलता नहीं मिली। इस बाबत थानाध्यक्ष अनिल चंद त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है। जल्दी ही हत्यारे पुलिस की पकड़ में आ जाएंगे।