बाढ़ में डूबने से मासूम की मौत
मधुबन थाना क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त चक्की मूसाडोही गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबारी। बुधवार की शाम घर के बाहर बाढ़ में डूबने से एक वर्ष के मासूम की मौत हो गई। उसका शव घर के बाहर कुछ दूरी पर बाढ़ में उतराया हुआ मिला। घटना मधुबन क्षेत्र के बाढ़ग्रसित ग्राम पंचायत चक्की मुसाडोही की है।
जानकारी के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र का चक्की मुसाडोही गांव बाढ़ग्रस्त ग्राम पंचायत है। वर्तमान में यहां सरयू नदी का जलस्तर बढ़ जाने से यह टापू में तब्दील हो गया है। बुधवार की शाम इसी गांव के राजाराम का पुरवा निवासी रामसरन की पत्नी चंद्रकला अपने एक वर्ष के पुत्र आर्यस को चारपाई पर सुलाकर घर के अंदर खाना बनाने चली गई। करीब आधे घंटे बाद जब बाहर आई तो चारपाई पर आर्यस को न पाकर काफी परेशान हुई और उसकी खोजबीन में जुट गई। जहां कुछ दूरी पर आर्यस का शव बाढ़ में उतराया हुआ मिला। घटना के समय रामसरन और उसका तीन वर्षीय पुत्र घर पर मौजूद नहीं थे। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि चारपाई से आर्यस नीचे गिर गया, जिससे उसकी नींद टूटने के बाद वह खेलते-खेलते घर के बाहर लगे पानी में चला गया। जहां गहरे पानी में चले जाने से उसकी मौत हो गई। उधर घटना की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान लल्लन प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।