घोसी नगर से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामलगन महाविद्यालय के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक का पहिया निकालते समय पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक से दबकर चालक की मौत हो गईं। घटना बुधवार की भोर की है। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की जेब में मिले मोबाइल के सहारे मृत चालक की शिनाख्त हुई। चालक ड्राइवर प्रभुनाथ यादव (50 )पुत्र विसर्जन बलिया जिले के मनियर थाने के ककरहटवा खास का निवासी था। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
बलिया जिले के मनियर बाजार के ककरहटवा निवासी प्रभुनाथ यादव अपने ट्रक से भाड़े का सामान लेकर गोरखपुर गया था।वहां सामान उतार कर भाड़ा लिया और ट्रांसपोर्ट से मैदा और अन्य सामान लेकर मंगलवार की रात्रि को कोलकाता के लिये चला।जब वह ट्रक लेकर घोसी कसबे के आगे दक्षिण रामलगन पी जी कालेज के पास बुधवार की भोर में पहुंचा तो उसके ट्रक का दाहिना टायर पंक्चर हो गया।
वह जैक से पहिया को ऊपर उठा कर ट्रक के अंदर घुस कर उसे निकालने की कोशिश कर रहा था कि इस बीच घोसी की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया। फलस्वरूप खराब ट्रक प्रभुनाथ यादव के ऊपर गिर गया और उससे दबने से उसकी मौत हो गयी। सूचना पाकर पहुंचे वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज सिंह व लालसाहब सिंह ने क्रेन मंगाकर ट्रक के नीचे से उसे बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत चालक के पास मिले मोबाईल के सहारे पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना दिया। सूचना पाकर पहुंचे मृतक ड्राइवर के भतीजे धनजी यादव ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध टक्कर मार कर हत्या करने का मुक़दमा दर्ज कराया है।साथ ही उसने आरोप लगाया है कि ड्राइबर के पास रखा 22हजार रुपये और कुछ सामान गायब है।