कोपागंज थाना क्षेत्र के इटौरा डोरीपुर गांव में बुधवार की शाम छह बजे पारिवारिक कलह के चलते अर्चना राजभर (26) ने आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतका का पति गांव से बाहर गया हुआ था।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान अर्चना पत्नी गोविंद राजभर, इटौरा डोरीपुर की रहने वाली थी।
पति गोविंद ने बताया कि उसका अर्चना के साथ विवाद हुआ था। जिसके बाद गोविंद घर से बाहर चला गया था। देर शाम जब वह घर लौटा तो कई बार बुलाने पर जब अर्चना अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो वह अंदर पहुंचा तो उसे फंदे से लटकता देखा।
उसने पुलिस को सूचना दी। इस बाबत कोपागंज थाना प्रभारी रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह के कारण महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।
अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।