अमिला/बोझी (मऊ)। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मांदी-दुल्लह गांव में शनिवार की सुबह दो सगे भाइयों में खूंटा उखाड़ने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक मांदी-दुल्लह में निवासी राम भुवन पासवान (65) और रामप्रवेश पासवान (45) के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह घर के आगे गड़े खूंटे को रामभवन पासवान उखाड़ने लगा तो छोटे भाई ने विरोध किया। यह विरोध कुछ देर में विवाद में बदल गया। देखते ही देखते परिवार के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। इस बीच किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने रामभुवन, सुभावती (62) पत्नी राम भुवन , धर्मेंद्र (30) और दूसरे पक्ष से राम प्रवेश पासवान (45), गीता (42) पत्नी रामप्रवेश, रिंकीं (23), पिंकी (21), प्रियंका (20), अभय (19) को बीच बचाव कर गंभीर रूप से घायल को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से डाॅक्टर ने राम भुवन को रेफर कर दिया।
परिजनाें ने उसे आजमगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना को लेकर मृतक की पत्नी सुभावती और बेटे धर्मेंद्र ने तहरीर दी। दोहरीघाट थानाध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह का कहना है मामला संज्ञान में है। तहरीर मिली है। पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।