मऊ/बढुआ गोदाम। बगैर हेलमेट वाहन चलाना लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सरायलखंसी के नरई बांध स्थित पुलिया के पास शुक्रवार की देर शाम सात बजे बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बिना हेलमेट के चल रहे स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वर्ष 2024 के शुरुआती तीन महीनों में 63 हादसों में 36 लोगों जान गवां चुके हैं। अधिकांश की मौत सिर में चोट लगने से हुई। जिनकी जान गई वह हादसे के वक्त बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे। अप्रैल माह के आंकड़ें देखें तो 12 दिनों में ही 10 हादसे हो चुके हैं। इसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
बाइक से टक्कर में मारा गया स्कूटी सवार युवक फर्नीचर का कारोबारी था, घटना के समय वह दुकान का सामान लेने निकला था। मृतक की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृतक सावन वर्मा (28) पुत्र मनोज वर्मा रानीपुर थाना क्षेत्र के काझा गांव के रहने वाला था। शुक्रवार को वह स्कूटी लेकर किसी काम से जिला मुख्यालय गया था। वापस लौटते समय शुक्रवार शाम छह बजे वह शहर के नरई बांध पुल के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे बाइक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें स्कूटी चला रहा सावन सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गया। जमीन पर तड़पने लगा। सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय वह हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट पहने रहता तो उसकी जान बच जाती। सावन अपने घर पर ही बर्तन, फर्नीचर और जनरल स्टोर की दुकान चलाता था। वह दो भाईयों में बड़ा था, घर की सभी जिम्मेदारियों खुद संभालता था। सावन की शादी बीते दिसंबर में देवरिया निवासी जूही वर्मा से हुई थी। मौत की खबर सुनकर पत्नी जूही सहित पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आस-पास लगे सीसी कैमरे की जांच की जा रही है।
-
चार दिनों में दूसरी घटना, हेलमेट न पहनना बना मौत का कारण
मऊ। बीते मंगलवार को रामपुर थाना क्षेत्र के डुमरी मर्यादपुर स्थित मालनपुर के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक चला रहे अमरजीत (22) की मौत हो गई थी। घटना के समय अमरजीत ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसों के आंकड़ें देखें तो इस माह के 12 दिनों में दस से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। वहीं बीते जनवरी से मार्च तक 63 सड़क हादसों में 20 लोगों की मौत हुई है। वहीं वर्ष 2023 में 290 सड़क हादसे हुए थे, इसमें 149 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 222 लोग घायल हो गए थे। इसमें 60 फीसदी मामले दो पहिया वाहन के थे, घटना के समय इसमें मृत वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।