नगर के मुंशीपुरा में स्थापित मां लक्ष्मी- गणेश की प्रतिमा। संवाद
- फोटो : doda news
मऊ। दीपावली के एक दिन पहले शनिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बने पूजा पंडालों में स्थापित लक्ष्मी गणेश प्रतिमाओं के पट खुल गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडालों में लक्ष्मी गणेश प्रतिमाओं के पट खुलते ही जगह-जगह मां के जयकारे गूंज उठे। पंडालों में श्रद्धालुओं का आना जाना शुरू हो गया।
श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी और गणेश की आराधना कर आशीर्वाद लिया। मां काली क्लब के आयोजक प्रदीप चौरसिया, बाल क्लब चौक के आयोजक अजय गुप्ता, लक्ष्मी पति विष्णु क्लब के आयोजक प्रमोद सोनकर ने बताया कि प्रतिमा स्थापित कराने से लेकर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए। आरती के समय पंडालों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई।
नगर के राजपुताना, सब्जी मंडी, मुंशीपुरा ओवरब्रिज सहित विभिन्न स्थानों पर बने पंडालों में स्थापित लक्ष्मी प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा हुई। लोग मिठाई, फल फूल सहित नैवेद्य चढ़ा कर पूजन अर्चन कर रहे थे। शंखनाद से पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया।
मां लक्ष्मी के जयकारे से पूरा आकाश गुंजायमान हो गया। नगर क्षेत्र में चहल पहल देखते ही बन रही थी। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में 566 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। अधिकांश पंडालों में प्रतिमा स्थापना की कवायद चल रही थी।