जिले में 1246 स्थानों पर हालिकाएं जलाई जाएंगी। शास्त्र संवत विधि के अनुसार होलिका दहन की तैयारियां मंगलवार को देर शाम तक चलती रहीं। बुधवार की रात तयशुदा समय पर होलिका दहन किया जाएगा। उधर, शहर की संवेदनशील सहित सभी होलिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में होलिका दहन की तैयारी अंतिम दौर में रही। शहर कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 42 होलिका लर्गाई गई है। जबकि दक्षिण टोला थाना क्षेत्र में 22 स्थानों पर होलिका दहन के लिए पारंपरिक ढंग से सामग्री एकत्र की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रजनिया, मुंशीपुरा, दान कबीर, सब्जी मंडी औरंगाबाद, मिर्जाहादीपुरा मुहल्लों में स्थापित होलिकाएं अति संवेदनशील हैं।
पिपरीडीह: पिपरीडीह, भार, रैकवारेडीह, ओन्हाइच, सुवराबोझ, बबुआपुर, मंसड़ी, मजखनी, पतिला, फुलवरिया सहित विभिन्न इलाकों में होलिका दहन की तैयारियां अंतिम दौर में चल रही है। क्षेत्र में होलिका बनाने की होड़ सी मची हुई है। बच्चों और युवाओं की टोलियां लकड़ी तलाशने और उठवाकर लाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। झुंड में लड़के पेड़ों से गिरी पत्तियां, खरपतवार, लकड़ी, उपला आदि एकत्र कर होलिका में डाल रहे हैं।
वलीदपुर : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में 205 जगहों पर होलिका दहन होगा। जिसको लेकर पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार ने टीम के साथ होलिका दहन स्थानों का निरीक्षण किया। कहा कि होलिका दहन के मौके पर किसी भी प्रकार की कोई भी विवाद उत्पन्न न हो । इसके लिए सभी स्थानों पर पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी।
इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि होलिकाओं की सुरक्षा और उनके दहन के समय शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, आरआरएफ, पीएसी सहित पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी के लिए सादे वेश में जवानों की तैनाती की जाएगी।