थाना क्षेत्र के गोकुलपुरा गांव में रविवार की सुबह कच्चे मकान की एक दीवार गिरने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई वहीं उसके मां और मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहसीलदार ने परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। मृत बालक दो दिन पहले ही अपने ननिहाल में आया था।
गोकुलपुरा निवासी सुमित्रा की पुत्री सुमन दो दिन पहले अपने मायके आई थी। रविवार को वह घर में चावल बीन रही थी। इसी दौरान कच्ची दीवार भहराकर गिर गई। इससे सुमन उसका भाई शबीर पुत्र शिवबचन एवं सुमन का चार वर्षीय पुत्र शाहिल पुत्र सतीश दब गए।
दीवार गिरने की आवाज से गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया और ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर शाहिल, सुमन एवं शबीर को बाहर निकाला। इस दौरान शाहिल की मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर तहसीलदार मुहम्मदाबाद गोहना मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को आपदा राहत के तहत मदद दिलाने का आश्वासन दिया ।