स्टांप न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को स्टांप निबंधन विभाग की समीक्षा की। मंत्री ने बताया कि मऊ में कानून व्यवस्था बेहतर होने के कारण जनपद के सभी तहसीलों में निबंधन में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि किसी समय जनपद में गुंडा माफिया का राज हुआ करता था, लेकिन आज प्रदेश सरकार के डर से गुंडा माफिया शहर के बाहर हैं। इस कारण भी लोगों द्वारा मकान जमीन खरीदना व बेचना बिना किसी डर भय के किया जा रहा है। अब किसी किसान या कमजोर व्यक्तियों की भूमि को बहला फुसला कर कम रेट में खरीदारी करने वालों पर कानूनी एवं स्टांप चोरी करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारों तहसीलों के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्यालयों में सीसी कैमरे लगवा दिए गए हैं, जिसकी निगरानी मुख्यालय से की जाएगी। इसमें सभी प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और दोषी के विरुद्ध निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
मार्टिनगंज में रजिस्ट्री कार्यालय खुला, 116 गांवों को फायदा
मंत्री ने बताया कि आजमगढ़ में एक तहसील मार्टिनगंज में दो दिन पहले रजिस्ट्री कार्यालय खोला दिया गया है। इससे अब तहसील के 116 गांव के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इस दौरान मीडिया द्वारा स्टांप चोरी के सवाल पर कहा कि यह गलत बात है, हमने हर मुख्यालय पर काउंटर बनाया गया है। इसमें वेंडर को अनिवार्य कर दिया गया है कि वह अपने कमीशन का उल्लेख जरूर करें।