नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा पर तैनात यातायात पुलिस के होमगार्ड ने गुरुवार को कर्तव्य के साथ देश के ईमानदार नागरिक होने का परिचय दिया। सड़क पर गिरा मिला पर्स उसने उसके हकदार तक पहुंचा दिया। पर्स में कागजात के साथ तीन हजार से ज्यादा रुपये थे। उसकी ईमानदारी का विभाग के साथ जिन्होंने सुना वह कायल हो गया।
गाजीपुर तिराहा पर होमगार्ड तेज प्रताम सिंह की ड्यूटी मंगलवार को लगी थी। वह प्रतिदिन की तरह अपनी ड्यूटी निभा रहा था। इसी दौरान किसी युवक का वहां से गुजरते समय पर्स गिर गया।
जिसको यातायात पुलिस के होमगार्ड तेज प्रताप सिंह ने पाया। उसने पर्स को खोला तो देखा कि उसमें 2 एटीएम कार्ड, युवक का निर्वाचन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 3,535 रुपये थे।
निर्वाचन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस से पर्स के मालिक की पहचान हुई। युवक का नाम प्रवीण निवासी सूरजपुर थाना मधुबन आई कार्ड पर अंकित था। होमगार्ड ने तत्काल इसकी सूचना अपने यातायात निरीक्षक एमपी सिंह को दी।
इसके बाद एमपी सिंह ने ड्राइविंग लाइसेंस से प्रवीण के घर का पता जानकर वायरलेस के माध्यम से मधुबन थाने को सूचना दी और थाने के सिपाही ने सूरजपुर जाकर प्रवीण को इसकी सूचना दी। इसके बाद गुरुवार को प्रवीण सुबह गाजीपुर तिराहा पहुंचा।
जिसके बाद होमगार्ड तेज प्रताप सिंह ने अपने अधिकारियों की उपस्थित में उसका पर्स उसे सौंप दिया। पर्स पाकर प्रवीण ने होमगार्ड की इस कर्तव्यनिष्ठा के प्रति आभार प्रकट किया।
इसके अलावा जिसने भी इस वाक्ये का सुना उसने होमगार्ड की तो प्रशंसा की ही, साथ ही विभाग की भी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सका। लोगों ने कहा पुलिस इस तरह काम करे तो फिर कहना ही क्या।