मऊ। इस साल होली का पर्व 14 मार्च को है, लेकिन महानगरों से आने वाली ट्रेनों में 34 दिन पहले ही सीटें फुल हो गई हैं। एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में वेटिंग टिकट 150 से अधिक पहुंच गई है। ऐसे में त्योहार पर आने वाले प्रवासियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। 12 मार्च को दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक वेटिंग है। आने वाले दिनों में इन ट्रेनों में बुकिंग बंद हो जाएगी, स्पेशल ट्रेन चले तो यात्रियों को सहूलियत होगी। होली पर घर आने के लिए आनंद विहार मऊ सुपरफास्ट, लिच्छवी, गोदान, पूर्वांचल एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों की एसी और स्लीपर कोच में लंबी प्रतीक्षा सूची है। 12 मार्च को दिल्ली से आने वाली आनंद विहार मऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22540) में 253 और लिच्छवी एक्सप्रेस (14006) में 268 वेटिंग है। मुंबई से आने वाली लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस (15017) में 120, गोदान एक्सप्रेस (11055) में 142, बलिया स्पेशल (01025) में 80, लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस (11081) में 100, छपरा एक्सप्रेस (110590 में 172, गोरखपुर स्पेशल (01027) में 114 वेटिंग पहुंच गई है। अहमदाबाद से आने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस (19489) में 202, साबरमती एक्सप्रेस (19165) में 164 वेटिंग है। अमृतसर से चलने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस (14680) में 147 और कोलकाता से चलने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस (15049) में 185 वेटिंग पहुंच गई है।