दोहरीघाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के फरसरा खुर्द के पास बुधवार की भोर में खड़े ट्रेलर में दूसरे ट्रेलर चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार बुधवार की भोर में चार बजे के करीब फोरलेन पर फरसुरा खुर्द गाव के सामने ट्रेलर खड़ा था। महाराजगंज जिला के बरपुर निवासी सूरज यादव ट्रेलर लेकर गोरखपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। इस बीच झपकी आने के चलते ट्रेलर खड़े ट्रेलर में टकरा गया। हादसे के समय गति तेज होने से ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर चालक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सको ने हालत गम्भीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।