Bharat Milap 2025: मऊ जिले में 500 साल से चली आ रही ऐतिहासिक भरत मिलाप की परंपरा इस वर्ष भी उत्साह के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान झांकी देख श्रद्धालु भावविभोर हुए।
मऊ जिले में ऐतिहासिक भरत मिलाप का आयोजन शाही कटरा के मैदान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान हजारों की संख्या में आए श्रद्धालु प्रसंग देखकर भाव विभोर हो गए। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और हर- हर महादेव के जयकारों के बीच गूंजमान हो गया।
विज्ञापन
मऊ में भरत मिलाप की यह परंपरा लगभग 500 वर्षों से चली आ रही है, जिसकी शुरुआत मुगल शासिका जहांआरा के शासनकाल में हुई थी।
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि शाही मस्जिद में मुसलमान 'अल्लाहु अकबर' कहकर नमाज अदा करते हैं, ठीक उसी समय 'हर-हर महादेव' के जायकारे गूंजते हैं, जो सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।
कटरा मैदान पर भरत मिलाप लीला के दौरान जब चारों भाइयों का मिलन हुआ तो श्रद्धालु भाव विभार हो गए। इस दौरान कई महिलाओं के आंख से आसूं निकल पड़े।
आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस अधीक्षक इलामारन जी, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडे, कोतवाल अनिल कुमार सिंह सहित कई थानों के एसएचओ और सीओ और भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही।